जयपुर, 7 अगस्त (Udaipur Kiran) । पाक विस्थापितों के हक-हकूक और उनकी वर्षों पुरानी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशीलता अब धरातल पर नजर आने लगी है। जयपुर जिला प्रशासन द्वारा नियमों और पात्रता के अनुरूप पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रदान की जा रही है। गुरुवार का दिन उन दस पाक विस्थापितों के जीवन में उम्मीद की किरण बनकर आया, जो वर्षों से भारतीय नागरिकता की राह देख रहे थे।
जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने गुरुवार को आयोजित समारोह में 10 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र सौंपा। जोगाराम पटेल ने संगीता, हरिचंद, चमेली बाई, मुकेश कुमार, कलियां देवी, कंवर लाल, संतोष कुमार, सुनित कुमार, राजकुमारी एवं खिआना माहेश्वरी को नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपे।
भारतीय नागरिकता प्राप्त करने वाले पाक विस्थापितों को शुभकामनाएं देते हुए प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि आज का दिन उन सभी पाक विस्थापित भाइयों-बहनों के लिए एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण है, जिन्होंने वर्षों तक अपने अधिकारों और पहचान की प्रतीक्षा की। भारतीय नागरिकता प्राप्त कर अब आप विधिवत रूप से इस महान राष्ट्र का अभिन्न हिस्सा बन गए हैं।
यह नागरिकता केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत माता की गोद में मिला सम्मान, आत्मविश्वास और आत्म गौरव है। हमारी सरकार ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ समर्पित भाव से कार्य कर रही है। मुझे आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि आप सभी भारत की उन्नति और समरसता में सक्रिय भागीदार बनेंगे।
वहीं अरसे बाद नागरिकता प्रमाण पत्र मिलने पर पाक विस्थापितों की आंखें छलक आईं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि बरसों की बेमुल्क ज़िंदगी के बाद अब हमें अपनी मिट्टी से कानूनी पहचान मिली है, आज कई सालों का लंबा इंतजार खत्म हुआ है और आज हम फक्र के साथ कह सकते हैं कि हम भारतीय हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिकता का प्रमाण नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें नहीं मिल पा रहा था लेकिन अब भारतीय नागरिकता मिलने के बाद ना केवल उन्हें पहचान मिली है बल्कि अब सरकारी योजनाओं की मदद से वे अपने परिवार का भरण पोषण बेहतर तरीके से कर पाएंगे।
नागरिक प्रमाण पत्र वितरण समारोह में राजस्थान जीव जंतु बोर्ड कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (दक्षिण) संतोष मीणा सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि जयपुर जिला प्रशासन द्वारा भारतीय नागरिकता अधिनियम 1955 की विभिन्न धाराओं के तहत पात्रता प्राप्त करने एवं विहित प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात अब तक कुल 340 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र जारी किये गए हैं।
—————
(Udaipur Kiran)
You may also like
ध्रुव जुरेल को मिली बड़ी जिम्मेदारी, कुलदीप यादव, दीपक चाहर और रजत पाटीदार भी खेलेंगे अब इनकी कप्तानी में
कैडेटों ने पूरी की नैनी झील में 123 किमी की यात्रा
गुजरात हाई कोर्ट से आसाराम को मिली राहत, इलाज के लिए अंतरिम जमानत 21 अगस्त तक बढ़ी
हॉलीवुड अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने दी ट्रंप को भारत से रिश्ते सुधारने की सलाह
गुजरात की आँगनबाड़ी बहनों ने सरहद के जवानों की रक्षा के लिए भेजीं 3.5 लाख से अधिक राखियाँ, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज